ज्ञानपुर। राशन कार्ड सत्यापन में गड़बड़ी के आरोप को लेकर दानूपुर पश्चिम पट्टी के ग्रामीणों ने मंगलवार को तहसील दिवस पर ज्ञानपुर तहसील गेट के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि गांव में बड़ी संख्या में पात्र व्यक्तियों का नाम राशन कार्ड की सूची में अंकित नहीं हो सका है। सत्यापन कार्य में लगीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने इसमें संजीदगी नहीं दिखाई। आरोप लगाया कि इसकी शिकायत भी कई जगह की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। कहा कि गांव के लोगों ने इस संबंध में बीडीओ अभोली को भी प्रार्थनापत्र दिया लेकिन बात नहीं बनी। प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी से सत्यापन में गड़बड़ी करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही पात्रों का नाम राशन कार्ड की सूची में डलवाने की भी गुहार लगाई। प्रदर्शन करने वालों में ज्यादातर महिलाएं शामिल थीं। इस मौके पर फुलगेना, मीरा देवी, जयंती, शिवकुमार, अर्जुन, मंगला देवी, जगवंती, फूलदेवी, आशा देवी आदि शामिल रहे।