ज्ञानपुर। जिले के विभिन्न पुलिस थानों और चौकियों पर लंबे समय से तैनात 177 एचसीपी, कांस्टेबल, महिला कांस्टेबलों को इधर उधर किया गया है। जिले में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के क्षेत्र में फेर बदल किया गया है। सोमवार की रात महकमे की फेरबदल सूची जारी की गई। इसके अलावा, मंगलवार को जिले के अधिकांश पुलिसकर्मियों ने नई तैनाती स्थल पहुंचकर ज्वाइन कर लिया। बड़ी फेरबदल में गोपीगंज, ऊंज, कोइरौना, ज्ञानपुर, सुरियावां, औराई, दुर्गागंज, चौरी, भदोही, महिला थाने के पुलिसकर्मी शामिल है। रात में ही वायरलेस पर स्थानांतरण की खबर सुनकर सुबह से ही पुलिसकर्मी तैयारी करने लगे। शाम होते-होते रवानगी कराकर ज्वाइन भी करने पहुंच गए थे। वैसे इतनी बड़ी फेर बदल को लेकर विभाग में आशंका तक नहीं थी। पीआरओ बृजभूषण त्रिपाठी ने बताया कि जिले के विभिन्न थानों पर लंबे समय से तैनात कर्मियों का कार्यक्षेत्र बदला गया है। बताया कि 177 कर्मियों में 36 हेड कांस्टेबल प्रोन्नति शामिल है। जबकि दो दर्जन के करीब महिला कांस्टेबलों को इधर से उधर किया गया है।