पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए औराई ब्लाक में शुक्रवार को नामांकन पूरा हो गया। प्रधान के 125 पदों के लिए 696 ने दावेदारी ठोंक दी है। दो दिनों में प्रधान और सदस्य के लिए 2106 लोगों ने नामांकन दाखिल किया। ब्लाक के जाठी गांव में सर्वाधिक 25 लोगों ने पर्चा भरा। शनिवार को नामांकन पत्रों की जांच शुरू हो जाएगी।
नामांकन के दूसरे दिन औराई ब्लाक पर सुबह से ही प्रत्याशी और उनके समर्थक पहुंचने लगे। कार्यालय खुलते ही नामांकन करने के लिए लोगों की लंबी लाइन लग गई। सुबह 10 बजे से शाम करीब आठ बजे तक लोगों का नामांकन हुआ। आरओ आरके यादव ने बताया कि दो दिनों में प्रधान पद के लिए 696 और सदस्य के लिए 1410 प्रत्याशियों ने नामांकन भरा। उन्होंने बताया कि 21 और 23 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। बता दें कि औराई ब्लाक के जाठी गांव में सर्वाधिक 25 प्रत्याशियों ने पर्चा भरा। इसके अलावा उदयकरनपुर में 24, पीपरगांव, वासदेवपर और बैराखास में 21-21 प्रत्याशियों ने प्रधान पद के लिए दावेदारी ठोंकी है।