संगठित अपराध की रीढ़ पर प्रहार नीति के तहत बृहस्पतिवार को जिले की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। डीएम गौरांग राठी की संस्तुति पर पूर्व विधायक के बेटे, बहू समेत सात पेशेवर अपराधियों की 69 लाख 55 हजार की संपति कुर्क की गई। इसमें बदमाशों की चल-अचल संपत्ति शामिल है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. मीनाक्षी कात्यायन के निर्देश पर पुलिस-प्रशासन की तरफ से पेशेवर अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्ती की जा रही है। इसमें सपा एवं निषाद पार्टी के पूर्व विधायक विजय मिश्र के बेटे विष्णु मिश्र और बहू रूपा मिश्रा की तरफ से नव निर्माण इन्फ्रा हाइट्स एंड मोवर्स प्रा. लि. कंपनी के नाम पर खरीदी गई 10 चक्का डंफर को कुर्क किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 25 लाख 35 हजार रुपये है। इसी तरह गोपीगंज थाने में गैंगस्टर मुकदमें में आरोपी विपुल सिंह निवासी बैरीपरवां थाना सुरियावां की 25 लाख के पक्का मकान को कुर्क किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने आपराधिक कृत्यों से प्राप्त धन से उक्त मकान को बनाया था। औराई कोतवाली पुलिस ने वाजिद खान निवासी पीपरतर कैथान की चार पहिया को कुर्क किया, जिसकी कीमत पांच लाख रुपये आंकी गई। गौ तस्कर शकील निवासी वार्ड 17 नवबस्ता पूर्वी घाटमपुर थाना घाटमपुर जनपद कानपुर की पांच लाख की चार पहिया कार और मो. फैजान निवासी मरियाडीह भरेठा थाना पूरामुफ्ती जनपद प्रयागराज की छह लाख 75 हजार की ट्रक को कुर्क किया। गौ तस्करी में शामिल गैंगस्टर सलमान निवासी अहमदपुर असरौली थाना पुरामुफ्ती जनपद प्रयागराज की एक लाख 80 हजार की बुलेट बाइक, सौरभ चौबे निवासी सिऊर थाना औराई की 80 हजार की बाइक को कुर्क किया गया। एसपी डॉ. मीनाक्षी कात्यायन ने कहा कि जीरो टोलरेंस नीति के तहत पुलिस कार्रवाई कर रही है।