123 ग्राम पंचायतों के प्रधानों के चुनाव के लिए भदोही ब्लाक क्षेत्र के कुल 66.36 फीसदी वोटरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।
पंचायत चुनाव के प्रथम चरण में शनिवार को भदोही ब्लाक में मतदान कराया गया। इसके लिए ब्लाक क्षेत्र में 137 मतदान केंद्र बनाए गए थे। इनमें 49 संवेदनशील, 28 अतिसंवेदनशील और 10 अतिसंवेदनशील प्लस श्रेणी में रखे गए थे।
सुबह सात बजे मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई। मतदान को लेकर लोगों में उत्साह का आलम यह था कि सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी-लंबी कतारें लग गईं।
लोग आईडी कार्ड लेकर बूथों पर पहुंच गए। दोपहर तक बूथों पर महिलाओं और पुरुषों की भीड़ लगी रही। हालांकि बीच-बीच में बूथों पर सन्नाटा भी दिखता रहा। इस दौरान जहां-तहां दुर्व्यवस्था की शिकायतें भी सुनने को मिलीं।
सर्रोई के दुलमदासपुर मतदान केंद्र पर दो वोटरों ने उनके पहुंचने से पूर्व ही उनके नाम से मतदान कर दिए जाने की शिकायत की।
चौरी में एक प्रत्याशी का नाम ही बैलट पेपर में नदारद हो गया था। जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु और एसपी अनिल कुमार राय ग्रामीण इलाकों का दौरा कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेते रहे।
उल्लेखनीय है कि भदोही ब्लाक की कुल 123 ग्रामसभाओं के लिए 1125 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। शनिवार को सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। दिन के 11 बजे तक मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ देखने को मिली।
बीच में थोड़ी सुस्ती के बाद पुन: दो बजे के आसपास बूथों पर मतदाताओं की कतार लंबी होने लगी। मतदान केंद्रों पर शाम 4.30 बजे तक मतदान चला। मतदान की वीडियो रिकार्डिंग भी कराई गई।
एसडीएम, सीओ समेत अन्य तमाम अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिनभर मतदान केंद्रों का दौरा करते रहे। अतिसंवेदनशील प्लस चिन्हित किए गए मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी की गई। मतदान के लिए ब्लाक की सीमाओं को सील कर दिया गया था।