भदोही। ज्ञानपुर तहसील में अधिवक्ता और लेखपाल के विवाद के बाद बुधवार को भदोही तहसील बार एसोसिएशन के सदस्यों ने कार्य बहिष्कार कर लेखपालों के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया। आरोपी लेखपालों के निलंबन की मांग करते हुए अधिवक्ताओं ने तहसील में धरना- प्रदर्शन कर नारेबाजी की।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सूर्यप्रसाद द्विवेदी ने कहा् कि जब तक अधिवक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार करने वाले लेखपालों का निलंबन और कार्रवाई नहीं हो जाती कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। ज्ञानपुर तहसील की घटना से उद्वेलित अधिवक्ताओं ने कहा कि लेखपालों ने बार- बार अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर काम किया है, लेकिन शिकायतों के बाद भी उनके विरुद्ध कार्रवाई नहीं की जाती। इससे पहले सुबह तहसील पहुंचे अधिवक्ताओं ने बैठक कर कार्य बहिष्कार का एलान किया।
तहसील परिसर में प्रदर्शन कर नारेबाजी की। इस दौरान सभा में लेखपालों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों में महेंद्रनाथ बिंद, अरुण कुमार दूबे, श्यामनरायण यादव, सूरज यादव, जितेंद्र बिंद, सतीश तिवारी, विनोद राय, प्रशांत तिवारी, दशरथ कुशवाहा, मोती लाल, जयनाथ बिंद, बांकेलाल यादव, मुकेश सिन्हा, चंद्रशेखर यादव, नन्हेलाल सरोज, नंदलाल सरोज, अशोक दूबे, जगदीश पांडेय आदि शामिल रहे।