गोपीगंज। बैदा बाजार में गत दिनों हुए धमाके में ध्वस्त मकान के मलबे को हटाने और प्रकरण की न्यायिक जांच कराने की मांग को लेकर पीड़ित परिवार संग बाजार के लोगों ने शनिवार को प्रदर्शन किया। कहा कि प्रकरण का खुलासा न होने से हर कोई दहशत में जी रहा है।
बैदा बाजार निवासी दयाशंकर के मकान का दूसरा तल करीब 10 दिन पूर्व रात में विस्फोट होने से ध्वस्त हो गया था। घटना में उसका बेटा संजय और बहू अर्चना झुलस गई थी। उपचार के दौरान अर्चना की मौत हो गई। घटना के 10 दिन बाद भी मलबा न हटाए जाने और घटना का खुलासा न होने से लोग चिंतित हो गए हैं। नाराज लोगों ने बाजार में प्रदर्शन कर विरोध जताया। नागरिकों ने कहा कि बेघर हो चुका पीड़ित परिवार दूसरे घरों में सहारा लिया है। मकान किन कारणों से ध्वस्त हुआ, इसका भी पता अब तक नहीं चल सका। बाजार के लोग इसको लेकर काफी भयभीत हैं। मौके से मलबा हटाने और मामले की न्यायिक जांच की मांग की गई। प्रदर्शन करने वालों में विजयशंकर, दयाशंकर जायसवाल, राजू, काशी, मुन्नू अली, शिव शंकर सरोज, गोपाल सरोज, प्रयागदास, श्याम कुमारी, पार्वती देवी, गीता जायसवाल, संजू देवी, निर्मला आदि रहीं।