भदोही। त्योहार के सीजन में मुख्यमंत्री के निर्बाध बिजली आपूर्ति के आदेश के बाद भी मनमानी कटौती हो रही है। सोमवार को दिन में पांच घंटे तक पूरे शहर की बिजली गुल रही। इसको लेकर आमजन में असंतोष है। लोगों का कहना है कि जब रोस्टर तय है, तो उस पर अमल क्यों नहीं हो पा रहा है। उधर अधिकारियों का कहना है कि ऊपर से कटौती की गई है। सुबह 10.50 बजे पूरे शहर की बिजली गुल हो गई। लोग बिजली इंतजार करते रहे, लेकिन शाम चार बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। कटौती से भदोही विद्युत उपकेंद्र के सभी फीडर प्रभावित रहे। इससे भदोही टाऊन के मेनरोड से पश्चिमी छोर के काजीपुर, पीरखांपुर, जलालपुर, स्टेशन रोड, निजामपुर, चकसैफ, बंधवा नईबस्ती, छेड़ीबीर आदि मोहल्ले प्रभावित रहे। इसी तरह कारपेट सिटी फीडर से घमहापुर, आलमपुर, नईबस्ती, कटरा बाजार, बाजार सरदार खां, रामसहायपुर, दरोपुर, काशीपुर, पचभैय्या, जमुंद, मलिकाना, चौरी रोड में आपूर्ति बाधित रही। टाउन एसडीओ गोविंद प्रसाद ने बताया कि इस कटौती का कारण स्थानीय नहीं है। यह कटौती ऊपर से हुई है, जिसके लिए हम जिम्मेदार नहीं हैं।