चौरी। बाइक चलाते समय हेलमेट लगाना कितना आवश्यक है, इसकी बानगी सोमवार को दिखी। शासन से लेकर प्रशासन तक इसके लिए लोगों को जागरूक कर रहा है, लेकिन लोग इसको लेकर संजीदे नहीं हो रहे हैं। सोमवार को भदोही-बाबतपुर मार्ग के ब्रह्माश्रम के समीप स्थित राम जानकी मंदिर के पास बाइक से जा रहे दंपति में से ट्रक की चपेट में आए पति की जान हेलमेट लगाने के कारण बच गई। हालांकि दोनों लोग घायल हो गए। दोनों को भदोही नगर स्थित एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। सोमवार को ऊंज थाना क्षेत्र के करौता निवासी भाईलाल (45) अपनी पत्नी रेखा देवी के साथ बाइक से वाराणसी की ओर गए थे। वहां से लौटते समय यह घटना हो गई। ट्रक भाईलाल के हाथ पर चढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार भाईलाल हेलमेट लगाया था। अगर वह हेलमेट नहीं लगाया होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।