गोपीगंज। मोहर्रम और गणेश उत्सव को लेकर मंगलवार को कोतवाली परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें शांति व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की गई।
कोतवाल शेषधर पांडेय ने दोनों समुदायों के लोगों से शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रशासन स्तर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। त्यौहार से संबंधित अन्य कोई समस्या से अवगत कराने की बात कहते हुए उसके निराकरण का भरोसा दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक ही रास्ते से गणेश विसर्जन और ताजिया उठाए जाने के विवाद पर चर्चा किया। इस पर उन्होंने कहा कि बेहतर होगा की दोनों समुदाय आपस में बैठकर इसका हल निकाल लें। वहीं त्यौहार के दौरान बिजली-पानी और सफाई की समस्या के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसका समाधान जल्द करा दिया जाएगा। कोतवाल ने दोनों पक्षों से लिखित रूप से शांति व्यवस्था की अपील करवाई। उन्होंने कहा कि त्योहार के नाम पर अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर विनीत मिश्रा, शेखर शिंदे, कृष्णा निकम, उत्तम जानकर, भास्कर पाटिल, पिंटू मोदनवाल, बाबूराव, सरवर खां, मोहम्मद हनीफ आदि लोग मौजूद रहे।