बाबूसराय। सीमावर्ती कछवां थानाक्षेत्र के कटका गोदाम के समीप जीटी रोड पर बुधवार सुबह कंटेनर की चपेट में आने से कालीन बुनकर की मौत हो गई। नाराज लोगों ने जीटी रोड के दोनों लेन पर जाम लगा दिया। कछवां पुलिस के एक घंटे विलंब से पहुंचने पर ग्रामीणों ने हंगामा किया। कछवां और औराई थाने की पुलिस ने समझा बुझाकर जाम को समाप्त कराया तब वाहनों का आवागमन शुरू हो सका। कछवां थानाक्षेत्र के कटका गोदाम निवासी सोमारू बिंद (35) बुधवार सुबह साढ़े छह बजे जीटी रोड के दूसरे छोर पर जाने के लिए डिवाइडर पर खड़ा था। उसी दौरान इलाहाबाद से वाराणसी की तरफ जा रही कंटेनर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ते हुए दक्षिणी लेन पर जाकर रुकी। इससे कंटेनर की चपेट में आने से सोमारू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की खबर लगते ही वहां सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। नाराज लोगों ने जीटी रोड के दोनों लेन को जाम कर दिया। खबर लगते ही वहां औराई थाने की पुलिस पहुंच गई लेकिन हल्का कछवां थाना का होने से पुलिस कुछ नहीं कर सकी। करीब एक घंटे विलंब से कछवां थाने की पुलिस पहुंची। पुलिस के समझाने पर करीब दो घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। जाम हटने पर वाहनों का आवागमन शुरू हो सका। इस दौरान कई स्कूली वाहन भी जाम में फंसे रहे। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोमारू पांच भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसे तीन लड़के बच्चेलाल, विमलेश और कमलेश है। उधर घटना की खबर लगने पर सोमारू के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताते चलें कि औराई थानाक्षेत्र के बाबूसराय बाजार से सटा कटका गोदाम इलाका भले ही कछवां थानक्षेत्र में आता है लेकिन भौगोलिक दृष्टि से सभी कामकाज बाजार से ही होता है।