गोपीगंज। औराई विकास खंड के गोपपुर गांव में कालीन कंपनी ओबीटी इस वर्ष 50 शौचालय का निर्माण कराएगी। अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कंपनी के प्रबंधक आईबी सिहं ने कहा कि कंपनी की तरफ से गोद लिए गए गोपपुर गांव में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब तक 75 घरों में सुलभ इंटरनेशनल के द्वारा शौचालय का निर्माण कराया चुका है। गांव में 60 सोलर लाइट लगवा दी गई है। कालीन कंपनी के कालीन बुनाई प्रशिक्षण केंद्र में आसपास के गांवों को मिलाकर पांच सौ महिलाएं प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी हैं। प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वरोजगार कर रहीं महिलाओं को देख बड़ी संख्या में महिलाए केंद्र पर पहुंच रही हैं। कहा कि गांव में आवागमन के लिए सड़क की मरम्मत करा दी जाए तो गांव का संपूर्ण विकास हो जाएगा। बताया कि पिछले दिनों स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ करने आए जिलाधिकारी विशाखजी ने सड़क मरम्मत कराने का भरोसा दिलाया है। इस मौके पर कंपनी के आलोक राय, ग्राम प्रधान सुरेश बिंद आदि मौजूद रहे।