औराई (भदोही)। पिछले दो दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच शनिवार को प्राथमिक विद्यालय हमीदपट्टी के भवन पर बिजली गिरने से खलबली मच गई। बिजली की चपेट में आने से प्रधानाध्यापक अंशुमाली चौबे और संकुल प्रभारी अरविंद सिंह झुलस गए और बेहोश हो गए। बच्चों के रोने की आवाज सुनकर अन्य शिक्षकों ने सभी को वहां से हटाया। हेडमास्टर और संकुल प्रभारी को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां हालत चिंताजनक होने पर हेडमास्टर को वाराणसी रेफर कर दिया। प्रशासनिक अफसरों की टीम स्कूल और अस्पताल पहुंची।
प्राथमिक विद्यालय हमीदपट्टी में शनिवार को कक्षाएं चल रही थीं। दोपहर करीब पौने 12 बजे तेज चिंगारी के साथ दो कक्षीय भवन के एक सिरे पर बिजली गिरी। जब तक लोग कुछ समझ पाते, वहां निरीक्षण करने आए संकुल प्रभारी अरविंद सिंह और प्रधानाध्यापक अंशुमाली चौबे उसकी चपेट में आ गए। बिजली गिरने के बाद दोनों बेहोश हो गए। यह देख वहां मौजूद बच्चे भयभीत होकर रोने-चिल्लाने लगे। दूसरी कक्षाओं में पढ़ा रहे शिक्षकों ने जब यह देखा तो परेशान हो गए। आनन-फानन में दोनों को सीएचसी औराई में भर्ती कराया गया। हेडमास्टर की हालत चिंताजनक होने पर वाराणसी रेफर कर दिया गया। उनके कान और नाक से लगातार खून निकल रहा है। बिजली गिरने से विद्यालय भवन की छत से लगी दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, दूसरी ओर खबर मिलने पर उपजिलाधिकारी केशवनाथ गुप्ता, तहसीलदार दिनेश चंद और एसओ शेषधर पांडेय अस्पताल पहुंचकर लोगों का हाल जाना। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रकाश नारायण श्रीवास्तव और खंड शिक्षा अधिकारी अरविंद पांडेय स्कूल और अस्पताल जाकर लोगों से मिले। बिजली गिरने के समय कक्षा में 25 से अधिक बच्चे पढ़ रहे थे। वहां लोगों की भीड़ जुट गई। बच्चों का हाल जानने के लिए अभिभावक जहां थे वहीं से भागते हुए स्कूल पर पहुंचे। बच्चों को सही सलामत पाकर सभी ने ईश्वर के प्रति आभार जताया।