ज्ञानपुर। जिला मुख्यालय से सटे लखनों गांव की दलित बस्ती में बिजली का खंभा न लगने से नाराज ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि दो साल पूर्व बिजली विभाग का कनेक्शन लिया गया लेकिन अब तक बांस-बल्ली के सहारे बिजली की आपूर्ति बस्ती में की जा रही है। एक सप्ताह में खंभा न लगने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
अधिशासी अभियंता विद्युत को दिए पत्रक में ग्रामीणों ने कहा कि दो साल पूर्व बस्ती के लोगों ने बिजली विभाग से कनेक्शन लिया। विभाग की ओर से एक माह के अंदर खंभा लगाने का आश्वासन दिया गया था लेकिन दो साल बाद भी उसे नहीं लगाया गया। बस्ती के लोग बांस-बल्ली लगाकर घरों में बिजली जला रहे हैं। कई बार शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं की जा रही है। बारिश में आंधी आदि चलने से अक्सर बांस-बल्ली गिर जाता है। इससे बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। एक बार फिर बारिश शुरू हो गई लेकिन बिजली का पोल नहीं लगाया गया। विभागीय ठेकेदारों की मनमानी से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से अविलंब पोल लगवाने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में धनरा देवी गणेशा, मिठाई लाल, रामवृक्ष, श्यामलाल, रामआसरे, दिनेश कुमार, मिठाई लाल समेत कई लोग मौजूद रहे।