ज्ञानपुर। कोविड 19 टीकाकरण अभियान के दूसरे चरण में शुक्रवार को पांच स्वास्थ्य केंद्रों पर 601 कोरोना योद्धाओं को उम्मीद का टीका लगाया गया। डीघ सीएचसी और एमबीएस भदोही में पहली बार वैक्सीनेशन को लेकर चिकित्सक काफी उत्साहित रहे। सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह ने सीएचसी सुरियावां में निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। दूसरे चरण में भी 399 स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित रहे।
ज्ञानपुर जिला अस्पताल में 100 स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाने का लक्ष्य तय किया गया था, लेकिन यहां 62 ने वैक्सीन लगवाया। इसमें पांच पुरुष और 57 महिला स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे। पहली बार वैक्सीनेशन के लिए नामित सीएचसी डीघ में उत्साह पूर्वक स्वास्थ्यकर्मियों ने टीका लगवाया। यहां पर 200 के स्थान पर 164 स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगा। महाराजा बलवंत सिंह चिकित्सालय भदोही की हालत सबसे दयनीय रही। यहां पर 200 स्वास्थ्यकर्मी चिह्नित किए गए थे, जबकि केवल 85 को ही वैक्सीन लगी। सुरियावां संवाददाता के अनुसार, सीएचसी सुरियावां में 200 स्वास्थ्यकर्मियों के स्थान पर 140 को टीका लगा। यहां पहला टीका पीएचसी महजूदा के प्रभारी डॉ. अभिषेक नाग को लगा। सीएचसी का निरीक्षण करने सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह पहुंची। उन्होंने प्रभारी डॉ. आरबी पाठक से व्यवस्थाओं के बारे में जाना। लालानगर संवाददाता के अनुसार, सीएचसी गोपीगंज में 300 के स्थान पर 150 स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगा। पहला टीका आशा वर्कर मीरा देवी, दूसरा टीका विमल कुमार और तीसरा टीका आंगनबाड़ी वर्कर सरोज देवी को लगा। सीएचसी पर टीकाकरण के लिए तीन टीम तैनात की गई थी। सीएचसी अधीक्षक डॉ. आशुतोष पांडेय ने कहा कि सीएचसी पर 150 स्वास्थ्यकर्मियों ने टीका लगवाया, जबकि 150 अनुपस्थित रहे। सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह ने कहा कि पांच केंद्रों पर 1000 स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगना था, जिसमें 601 शामिल हुए। तीसरे और चौथे चरण का टीकाकरण 28 और 29 जनवरी को होगा।
आधी आबादी ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
ज्ञानपुर। कोरोना वैक्सीनेशन के दूसरे चरण में महिला स्वास्थ्यकर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जिला अस्पताल ज्ञानपुर में 57 महिला, तीन पुरुष, गोपीगंज सीएचसी में 125 महिला और 22 पुरुष, सुरियावां सीएचसी में 132 महिला और 11 पुरुष, सीएचसी डीघ में 120 महिला और 44 पुरूष जबकि एमबीएस राजकीय भदोही में 65 पुरुष और 20 महिला स्वास्थ्यकर्मी को टीका लगा।
सीएचसी डीघ और सुरियावां अव्वल
ज्ञानपुर। कोरोना वैक्सीनेशन के दूसरे चरण में सीएचसी डीघ और सुरियावां ने बेहतर प्रदर्शन किया। डीघ में 200 के स्थान पर 16ा4 स्वास्थ्यकर्मियों ने टीका लगवाया, जो 82 प्रतिशत रहा। सुरियावां में 200 स्वास्थ्यकर्मियों की बजाए 143 ने वैक्सीनेशन कराया। यहां भी 72 प्रतिशत आंकड़ा रहा। सबसे खराब हालत भदोही एमबीएस की रही। यहां पर 200 के स्थान पर मात्र 85 ने वैक्सीन लगवाई। यहां 43 प्रतिशत ने ही टीका लगवाया।