चकापुर उपकेन्द्र से जुड़े 60 गांवों में छह घंटे से भी अधिक की कटौती से लोगों में नाराजगी है। बिजली निगम के अनुसार, गांवों में सुबह और शाम में मिलाकर पांच घंटे की कटौती निर्धारित है। ग्रामीणों का कहना है कि गांवों में छह घंटे से ज्यादा बिजली कटौती की जा रही है। गर्मी और उमस से 60 गांवों की सवा लाख की आबादी प्रभावित है। महराजगंज निवासी पिंटू ने बताया कि जिले में 33/11 उपकेंद्र चकापुर से महाराजगंज, चकापुर और बसंतापुर फीडर से बिजली आपूर्ति की जाती है। तीनों फीडर से करीब 60 गांवों में बिजली की आपूर्ति होती है। बिजली निगम के अनुसार सुबह पांच से सात और शाम को चार से सात बजे तक बिजली की कटौती होनी है। वहीं तीनों फीडर से 19 घंटे बिजली आपूर्ति की जानी है। इसके बाद बिजली निगम की ओर से अघोषित कटौती की जा रही है। बाबू ने बताया कि कभी तीन बजे बिजली काट दी जाती है। वहीं कभी दोपहर में ट्रिपिंग की समस्या गहरा जाती है। राहुल, मोहन ने कहा कि नवरात्र में भी सुबह और शाम बिजली कटौती की जा रही है। इससे व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। अवर अभियंता चकापुर अनिल यादव ने बताया कि बिजली आपूर्ति रोस्टर के मुताबिक ही हो रही है। कुछ तकनीकी फाल्ट के कारण थोड़ी परेशानी हो रही है। उसे ठीक कर लिया जाएगा।