इलाहाबाद से काशी विश्वनाथ का दर्शन करने वाराणसी जा रहे तीर्थयात्रियों से भरी सफारी बृहस्पतिवार को जीटी रोड पर वहिदा पावर हाउस के समीप अनियंत्रित होकर पानी से भरे तालाब में पलट गई। इससे चालक समेत कार में सवार छह लोग घायल हो गए। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। ऊंज एसओ विनोद दूबे ने बताया कि घायलों का इलाज चल रहा है।
इलाहाबाद के खागा फतेहपुर निवासी विवेक सोनी, मनीष सोनी, वीरेंद्र सोनी, सत्य नारायण वैश्य और दद्दा वैश्य बृहस्पतिवार को सफारी गाड़ी से काशी विश्वनाथ का दर्शन करने वाराणसी जा रहे थे। मुन्ना खां गाड़ी चला रहा था। बताते हैं कि सुबह करीब साढ़े सात बजे ऊंज थानाक्षेत्र में वहिदा पावर हाउस के पास गाड़ी असंतुलित होकर सड़क से उतर कर कई पलटी खाते हुए किनारे स्थित पानी से भरे एक तालाब में चली गई। दुर्घटना के बाद अफरातफरी मच गई। गांव वालों की मदद से कार सवार लोगों को बाहर निकाला गया। इसमें विवेक, मनीष और चालक मुन्ना खां को गंभीर चोटें आई । उन्हें स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार के बाद गोपीगंज सीएचसी भेजा गया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें इलाहाबाद ले जाने की सलाह दे दी। शेष लोगों का उपचार समीप के अस्पताल में कराया गया।