ज्ञानपुर। रोटहां में पटाखे की दुकान में भीषण विस्फोट के बाद शनिवार को जिले की पुलिस ने छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान दुकानों में पटाखे और मानकों का निरीक्षण किया गया। ज्ञानपुर नगर के पुरानी बाजार में पटाखे बेचने की पांच लाइसेंसी पटाखा कारोबारियों को टीम ने खंगाला। हालांकि ज्यादा कुछ पुलिस के हाथ नहीं लगा।
ज्ञानपुर सीओ कालू सिंह की अगुवाई में टीम ने ज्ञानपुर नगर के पुरानी बाजार में पटाखा बेचने, बनाने और भंडारण करने वाले कारोबारियों के यहां निरीक्षण किया। पुलिस के मुताबिक मोहम्मद यूनुस अली, मो. सिद्दीक, अब्दुल गफ्फार, मो. इलियास और सहाबुद्दीन की दुकानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उनके लाइसेंस, भंडारण के अलावा पटाखे बनाने और बेचने की कार्यप्रणाली की जानकारी ली गई। हालांकि इस दौरान कुछ आपत्तिजनक नहीं मिला। सीओ के मुताबिक जिनके यहां चेकिंग की गई, उन सभी की चार सौ किलो देसी पटाखे और 50 किलो चाइनीज पटाखे रखने की सीमा लाइसेंस में निर्धारित की गई है। लेकिन, कहीं भी इस सीमा से अधिक पटाखे नहीं मिले। सीओ के साथ कोतवाली पुलिस की टीम रही।