औराई। हाईवे पर स्थित औराई रोडवेज डिपो की तस्वीर बदलने की शुरुआत हो गई है। दो करोड़ 32 लाख की लागत से रोडवेज को आधुनिक बनाया जाएगा। शुक्रवार को जर्जर भवन और प्लेटफार्म को गिराने का कार्य भी शुरू हो गया। इससे दशकों से चली आ रही मांग पूरी होते देख लोग गदगद होने लगे हैं।
चार जिलों और कई प्रांतो को जोड़ने वाले औराई चौराहे पर करीब पांच दशक पूर्व रोडवेज डिपो की स्थापना की गई थी। समय गुजरने के साथ देखरेख न होने से रोडवेज के भवन जर्जर हो गए थे। शौचालय संग काउंटर आदि की हालत दयनीय हो गई थी। इससे रूट से गुजरने वाली 100 से अधिक बसों का ठहराव भी नहीं होता था। अधिकांश बसे हाइवे पर रूककर यात्रियों को लेती और चली जातीं। उक्त रोडवेज से कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, मेरठ, आगरा समेत विभिन्न प्रांतो के लिए निकलतीं थी। सूबे में भाजपा की सरकार बनने के बाद औराई विधायक दीनानाथ भाष्कर ने शासन को पत्र लिखकर रोडवेज के जीर्णोद्धार करने की मांग किया था। शासन की ओर से दो करोड़ 32 लाख की लागत से रोडवेज की तस्वीर बदलने की कवायद शुरू कर दी गई। शुक्रवार को कार्यदायी संस्था के कर्मचारी प्लेटफार्म पर लगाए गए छाजन को हटाना शुरू कर दिए। इससे लोगों को यह उम्मीद हो गया कि आने वाले समय में रोडवेज डिपो की दशा और दिशा बदल जाएगी। इससे रोडवेज डिपो का भवन, चहारदीवारी, शौचालय आदि बनाए जाएंगे।