ज्ञानपुर। जिला मुख्यालय सरपतहां में निर्माणाधीन न्यायालय भवन में अधिवक्ताओं के लिए लॉयर्स चैंबर और केएनपीजी कॉलेज में लाइब्रेरी निर्माण की आवश्यकताओं के बीच विधायक विजय मिश्र ने मुख्यमंत्री से धन की गुहार लगाई है। बुधवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के दौरान उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं से सीएम को अवगत कराते हुए लॉयर्स चैंबर के लिए दो करोड़ और लाइब्रेरी भवन के लिए एक करोड़ रुपये जारी करने की मांग की। साथ ही क्षेत्र के सात कैंसर पीड़ितों के इलाज के लिए धन की मांग की।
ज्ञानपुर विधायक ने बुधवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान मिर्जापुर-सोनभद्र एमएलसी रामलली मिश्रा भी रहीं। इस दौरान उन्होंने लॉयर्स चैंबर और राजकीय केएनपीजी कॉलेज में लाइब्रेरी भवन के लिए धन की मांग उठाने के साथ ही कैंसर पीड़ितों शिवरामपुर निवासी अनिल पाल, चकसुंदर निवासी निर्मला देवी, कुरमैचा निवासी प्रेमप्रकाश, जगापुर निवासी हरिहरनाथ मिश्र, चकसुंदर निवासी दीपक कुमार समेत सात लोगों के इलाज के लिए धन जारी करने की मांग की। इसके बाद उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात कर धनतुलसी-डेंगुरपुर पुल निर्माण के लिए प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने की गुहार लगाई।