औराई। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ का बुधवार को काशीराज महाविद्यालय इंटर कॉलेज में आयोजित जनपदीय सम्मेलन में शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर आवाज बुलंद की गई।
शिक्षक विधायक एवं संगठन के प्रदेश अध्यक्ष चेत नारायण सिंह ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली शिक्षकों की अहम समस्या है। इसका निस्तारण कराए बिना वह चुप नहीं बैठेंगे। समान शिक्षा, वित्तविहीन शिक्षकों को सम्माजनक मानदेय दिलाने के लिए भी संगठन संघर्ष जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को छात्र, शिक्षा और शिक्षालय का सदैव ध्यान देना चाहिए। शिक्षा एक समान होनी चाहिए, जिसमें गरीब से लेकर अमीर के बच्चे एक समान शिक्षा ग्रहण करें। प्रदेश सरकार की नई पेंशन व्यवस्था अलाभकारी है। सरकार अविलंब इस पर कोई ठोस निर्णय नहीं लेगी तो आने वाले समय में इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। इस दौरान कोषागार से वेतन ले रहे शिक्षकों के विनियमितिकरण, कर्मचारियों को चिकित्सा सुविधा, सीटी ग्रेड, कंप्यूटर व्यवसायिक शिक्षकों की मांग को लेकर चर्चा की गई। इसके पूर्व मुख्य अतिथि ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का आगाज किया। शिक्षकों ने माल्यार्पण एवं प्रतीक चिह्ल देकर सम्मानित किया। अध्यक्षता वासुदेव तिवारी और संचालन प्रेम बहादुर सिंह ने किया। कार्यक्रम की संयोजक प्रधानाचार्य नीतम कुशवाहा ने आभार जताया। मौके पर मंडलीय अध्यक्ष वीरेंद्र बहादुर सिंह, ज्वाला प्रसाद, रमेश सिंह, राम नारायण, अरविंद, दिनेश सिंह, साधु तिवारी, संजय यादव, अनुराग दूबे, नरेंद्र उपाध्याय, शेषधर दूबे, अरविंद पटेल आदि मौजूद रहे।