ज्ञानपुर। सांसद आदर्श गांव कौलापुर के कोटेदार के खिलाफ बुधवार को ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। डीएम को दिए पत्र में आरोप लगाया कि तीन महीने से अनाज का वितरण नहीं किया जा रहा है। इससे गरीब तबके के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पात्र गृहस्थी और अंत्योदय कार्ड आर्थिक रूप से मजबूत लोगों का बनाया गया है। दलित बस्ती के कई लोगों के कार्ड नहीं बने हैं, जिनका बना है उनको भी समय से राशन नहीं दिया जाता। ब्लॉक स्तर पर पहले भी कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। डीएम से कोटे की दुकान की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों में राजपति, संतोष, जगदीश, झबरा, अनीता, देवकली आदि रहीं।