ज्ञानपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जिला प्रशासन गरीब कन्याओं के हाथ पीले करेगा। इसके लिए प्रशासनिक अधिकारी तैयारी में जुट गए हैं। इससे पहले दो चरणों में करीब 90 से अधिक गरीब कन्याओं का विवाह प्रशासन करवा चुका है। बुधवार को जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर अफसरों को इस बारे में जरूरी दिशा-निर्देश दिए। डीएम राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि योजना के तहत शासन से बजट आवंटित हो गया है। जोड़ों का चयन करने के बाद विवाह कराया जाएगा। शादी के दौरान लाभार्थी के खाते में 20 हजार भेजे जाएंगे साथ ही 10 हजार का सामान भी दिया जाएगा। श्रम विभाग के अधिकारियों को कहा गया कि गांव-गांव कैंप लगाकर लोगों का पंजीकरण कराएं। जिससे विभाग की ओर से चलाई जा रही 17 योजनाओं का लाभ उन्हें मिल सके। मुख्य विकास अधिकारी हरिशंकर सिंह ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए अधिकारी काम करें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर डीडी कृषि अरविंद सिंह, नागेंद्र सिंह, सरोज पांडेय, डीपीओ उर्मिला देवी आदि मौजूद रहीं।