ज्ञानपुर। दी सेंट्रल बार एसोसिएशन ज्ञानपुर के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को गुरुवार को शपथ दिलाई गई। जिला मुख्यालय पर जिलाधिकारी विशाख जी ने निर्वाचित अध्यक्ष अधिवक्ता मधुसूदन पांडेय एडवोकेट और महासचिव अखिलेश प्रताप सिंह को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी विशाख जी ने कहा कि दी सेंट्रल बार एसोसिएशन के पदाधिकारी संघ की रीढ़ होते हैं। एसोसिएशन के माध्यम से प्रशासन के साथ सामंजस्य बनाने में इनका अहम योगदान होता है। जिलाधिकारी ने नवनिर्वाचित सभी पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एसोसिएशन की जो भी समस्याएं होंगी, उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। कहा कि एसोसिएशन के लोग अपने पद और गरिमा को देखते हुए कोई ऐसा कार्य न करें, जिससे एसोसिएशन के प्रति गलत संदेश जाए। दी सेंट्रल बार एसोसिएशन का वार्षिक चुनाव प्रत्येक वर्ष 18 दिसंबर को होता है। जबकि शपथ 21 दिसंबर को जिलाधिकारी दिलाते हैं। इस अवसर पर उपाध्यक्ष अधिवक्ता कड़े शंकर दूबे, सुरेश कुमार तिवारी, संजय पाठक, संयुक्त सचिव ओमप्रकाश तिवारी, मनोज कुमार यादव, सुरेंद्र कुमार, कोषाध्यक्ष अजित प्रताप सिंह को शपथ दिलाई गई। साथ ही रमापति सिंह, अनिल कुमार पांडेय, लक्ष्मीकांत शुक्ल, प्रमोद कुमार अग्रवाल, श्रीकांत पांडेय, शिवशंकर पांडेय, हरिहर सिंह, अशोक कुमार मौर्य, उमाशंकर यादव, जयशंकर दुबे, विकास पांडेय, अनूप कुमार पाठक कार्यकारिणी में शामिल किए गए।