ज्ञानपुर। सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम बुधवार को औराई विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय हरि नारायणपुर में आयोजित हुआ। इसमें केंद्र और प्रदेश सरकार की चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को बताया गया। कार्यक्रम में अनुपस्थित दो अफसरों समेत तीन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया। मुख्य विकास अधिकारी हरिशंकर सिंह ने द्वीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। स्कूल के बच्चों एवं ग्रामीणों ने स्वच्छता जागरूकता के लिए गौरव हर्ष यात्रा निकाली। इस दौरान एलईडी वैन से लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया गया। विभिन्न विभागों की ओर से किसान पाठशाला, स्कूल चलो अभियान, राष्ट्रीय कृषि तकनीकि परामर्श केंद्र, प्रधानमंत्री आवास, मनरेगा योजना, भूमि प्ररीक्षण, स्वच्छ भारत मिशन, मत्स्य, स्वास्थ्य, बाल विकास सेवा पुष्टाहार, विकलांग कल्याण, समाज कल्याण, जिला प्रोबेशन महिला हेल्प लाईन की प्रदर्शनी लगाई गई। स्टाल पर बैठे कर्मचारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं के बारे में बताया। बाल विकास सेवा पुष्टाहार की बेहतरीन प्रदर्शनी लगाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने सराहना की। कार्यक्रम में अधिशासी अभियंता विद्युत, खादी ग्रामोद्योग अधिकारी के अनुपस्थित होने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। सीडीओ ने कहा कि डीएम की नई पहल से आम जनता को भविष्य में लाभ मिलेगा। कहा कि जागिए, सुनिये और लाभ उठाइए, कोई कर्मचारी अधिकारी यदि आपकी बातों को न सुनता हो तो भी बताइए। सीडीओ ने उगापुर में कुसुम विश्वकर्मा का निर्माणाधीन शौचालय और राधा देवी, आराधना राय, शकुंतला, परमीना, राजकुमारी के निर्मित हो चुके शौचालयों का जायजा लिया। कई शौचालय अधूरे मिलने पर ग्राम पंचायत अधिकारी श्याम सुंदर तिवारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया। इस मौके पर आरके सिंह, ऋतुराज सिंह, अचल सिंह, सरोज पांडेय, अरविंद पांडेय, अनिल सिंह, राकेश सिंह, अवध नारायण तिवारी आदि मौजूद रहे।