भदोही। खुद्दाम-ए हज समिति की बैठक रविवार को हाजी सौदागर अंसारी के आवास पर हुई। बैठक में आगामी वर्ष मुकद्दस हज के सफर पर जाने वाले आजमीने हज के आवेदन सहित उनकी अन्य सहुलियतों पर चर्चा की गई। बैठक में कहा गया कि वर्ष 2018 के हज के सफर के लिए आनलाइन आवेदन भरने की प्रक्रिया 15 नवंबर से शुरू हो चुकी है। मुकद्दस सफर पर जाने की ख्वाहिश रखने वाले अपने घर से अथवा किसी प्रकार की दिक्कत होने पर समिति के कैंप कार्यालय में भी आकर आवेदन कर सकते हैं। जिला ट्रेनर हाजी आजाद खां ने बताया कि फार्म भरने की अंतिम तिथि 7 दिसंबर है। फार्म भरने के लिए आवेदन की सफेद बैकग्राउंड पर फोटो, पासपोर्ट की फोटो कापी, ब्लड ग्रुप, आधार कार्ड एवं कैनसिल चेक लाना होगा। केवल वही लोग आवेदन कर सकते हैं जिनके पासपोर्ट 7 दिसंबर को अथवा उससे पहले जारी किया गया हो। सरपरस्त हाजी सौदागर अंसारी ने कहा कि समिति के सदस्य जिले भर में हज पर जाने की ख्वाहिश रखने वालों की सेवा करें। जो लोग फार्म भरवाने के इच्छुक हों उनकी मदद करें। हाजी शाहिद हुसैन ने कहा कि हुज्जाज की सेवा करने से जो संतोश मिलेगा वह कहीं और नहीं मिलता। यह भी कहा गया कि समय समय पर समिति द्वारा हज से संबंधी सूचनाएं और जानकारी उपलब्ध कराते रहेंगे। बैठक में अब्दुल कादिर अंसारी, सोहैब आलम नदवी, हाजी मुनीर अहमद, हाजी इमाम बेग, हाजी हबीबुल्लाह, हाजी जाहिद अली आदि रहे।