भदोही, लालानगर। पूर्वोत्तर रेलवे के ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर महीने भर में रविवार को तीसरी बार यात्रियों ने जमकर हंगामा मचाया। नाराज यात्रियों ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। आरोप लगाया कि ट्रेन में भीड़ अधिक होने से वह सवार नहीं हो सके। काउंटर पर उनका टिकट वापस नहीं किया जा रहा है। रेलवे पुलिस के समझाने पर विवाद शांत हुआ। रक्सौल से लोकमान्य तिलक तक जाने वाली जनसाधारण एक्सप्रेस में इन दिनों काफी भीड़ हो रही है। ट्रेन आगे से ही भरी हुई आती है और ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर काफी संख्या में इंतजार कर रहे यात्री ट्रेन पर भीड़ होने से सवार नहीं हो पाते। जिसको लेकर कई बार ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर भारी हंगामा भी हो चुका है। रविवार को भी भरी ट्रेन ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर पहुंची। जिससे यात्री सवार नहीं हो पाए और टिकट वापसी को लेकर हंगामा मचाना शुरू कर दिया। इस ट्रेन से सफर करने के लिए काफी संख्या में यात्री इकट्ठा हो जाते हैं, लेकिन ट्रेन पूरी तरह से भरी हुई आती है। जिससे यह समस्या आम हो गई है। दिलीप सिंह, रेनू सिंह, प्रीति, खुशी, अन्नूू ,रमाशंकर, पंचलाल, सुमित समेत यात्रियों ने टिकट की वापसी नहीं होने पर रेलवे प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने के बाद पहुंची रेलवे पुलिस ने समझाकर लोगों को शांत कराया।