लालानगर/औराई (भदोही)।
वाराणसी-इलाहाबाद राजमार्ग पर शनिवार को पुलिसिंग और यातायात व्यवस्था जाम के आगे हांफती नजर आई। औराई से लेकर गोपीगंज पड़ाव तक लगभग आठ किलोमीटर जीटी रोड का दक्षिणी लेन पूरी तरह जाम में जकड़ा रहा। इस दौरान एक ही लेन पर वाहनों की तीन-तीन कतारों के अलावा फुटपाथ तक आड़े-तिरछे वाहनों के रेले से पूरा रोड पैक हो गया। सुबह आठ बजे से लेकर दोपहर दो बजे तक हाईवे पर रुक-रुक कर जाम की स्थिति बनती रही। बीच-बीच में वाहन खिसकते और रेंगते नजर आए।
जीटी रोड पर शनिवार को भीषण जाम लगा। औराई से लेकर लालानगर और उसके बाद गोपीगंज के पड़ाव तक भीषण जाम के चलते जिले की यातायात व्यवस्था बेपटरी हो गई। सुबह आठ बजे शुरू हुई जाम की स्थिति दोपहर बाद दो बजे तक यात्रियों और वाहन चालकों के लिए फजीहत का सबब बनी रही। छोटी कारों के अलावा दोपहिया वाहनों को भी जाम से निकलने में पसीने छूट गए। जिन लोगों को लिंक मार्ग की जानकारी थी, वे इधर-उधर के लिंक मार्गों और गलियों से निकलते रहे, लेकिन ज्यादातर लोग जाम में फंसकर विवश दिख रहे थे। खास बात यह कि औराई माधोसिंह, लालानगर और गोपीगंज में जाम लगने वाले बिंदुओं पर जहां लोग घंटों परेशान रहे, वहां भी पुलिस का कोई नुमाइंदा नजर नहीं आ रहा था। इससे हालात और बिगड़ते चले गए। काफी देर के बाद गोपीगंज में मिर्जापुर रोड तिराहे पर पहुंची पुलिस ने यातायात को नियंत्रित किया, तब जाकर जाम में कमी होनी शुरू हुई। इसके बावजूद दोपहर दो बजे तक हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस कप्तान सचींद्र पटेल ने कहा कि हंडिया में रात में भरत मिलाप के आयोजन के कारण सुबह जीटी रोड पर यातायात का दबाव बढ़ गया था।
हंडिया से छूटे ट्रकों ने बढ़ाया दबाव
ज्ञानपुर। पड़ोसी जनपद इलाहाबाद के हंडिया में भरत मिलाप के चलते रूट डायवर्जन कर दिया गया था। इससे वाहन जंघई और भदोही होते हुए वाराणसी की तरफ निकल रहे थे। इस दौरान तमाम ट्रकों को हंडिया से पहले ही रोक दिया गया था। उन्हें सुबह छोड़ा गया। इसके चलते जीटी रोड पर यातायात का दबाव अचानक बढ़ गया। इसमें जाम के रोजमर्रा के कारण जुड़े तो जीटी रोड पर रफ्तार को ब्रेक लग गया। औराई में माधोसिंह रेलवे क्रॉसिंग से एक साथ छूटने वाले वाहनों ने हाईवे के यातायात को जाम कर दिया। जबकि गोपीगंज में मिर्जापुर रोड की तरफ मुड़ने वाले वाहनों के चलते जाम लगता रहा। इसी तरह, लालानगर टोल टैक्स प्लाजा पर वसूली के लिए लंबे समय तक वाहनों को खड़ा कर दिए जाने के कारण जाम लगा। इस बीच जाम में फंसे लोगों का कहना था कि हंडिया से छूटे वाहनों का दबाव उत्तरी लेन पर था। अगर पुलिस ने ढंग से नियंत्रित किया रहता तो दक्षिणी लेन पर जाम में लोग परेशान न होते।