एकलालानगर (भदोही)।
ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन का जनरेटर खराब होने से काउंटर पर जनरल और तत्काल टिकट मिलने में समस्या हो रही है। कई दिन बाद भी जनरेटर दुरुस्त न कराने से नाराज स्थानीय लोगों और टिकट के लिए आए यात्रियों ने रेल महकमे के खिलाफ प्रदर्शन किया है। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि भदोही जिले का महत्वपूर्ण स्टेशन ज्ञानपुर रोड है। पूर्वोत्तर रेलवे को इलाहाबाद-वाराणसी रेल रूट पर सर्वाधिक कमाई वाला स्टेशन है। इस स्टेशन प्रतिदिन हजारों की तादाद में यात्रियों का पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों से आवागमन होता रहता है। एक माह से स्टेशन में लगा जनरेटर खराब चल रहा है। रेल प्रशासन की उदासीनता से टिकट के लिए आने वालों लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बताते हैं कि कतार में टिकट के लिए लोग खड़े होते हैं तो कुछ लोगों को ही टिकट मिल पाता है क्योंकि बिजली कटने के बाद इनवर्टर डाउन हो जाता है। इससे समस्या गंभीर हो जाती है। बिना टिकट लौटने पर लोगों में नाराजगी बढ़ जाती है। लोगों ने तत्काल जनरेटर दुरुस्त कराने की मांग की है। प्रदर्शनकर्ताओं में राजधर शुक्ला, ओम प्रकाश, सचिन यादव, विजय पांडे, आशीष यादव, शिव प्रसाद, अजय सिंह, संतराम, सोनू मिश्रा, अमित गुप्ता, सुनील भास्कर, राम खेलावन, सुजीत कुमार आदि रहे। स्टेशन अधीक्षक अशोक वर्मा ने बताया कि जनरेटर खराब होने की सूचना विभाग के उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।