ज्ञानपुर। पशुओं को लंबी बीमारी से बचाने के लिए 50 हजार टीके की पहला खेप जिले में पहुंच चुकी है। 11613 मवेशियों टीका लगाया जा चुका है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. जय सिंह ने बताया कि जनपद के विभिन्न ब्लाकों पर टीके की खेप भेजवा दी गई है। दो स्थायी और 21 अस्थायी गोशाला में संरक्षित पशुओं को टीका लगाया जा रहा है। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक मवेशियों को टीका लगाने के लिए कुल 21 टीमें तैनात हैं। इन टीमों की मॉनिटरिंग ब्लाक से होती है। उन्होंने बताया कि रोजाना ब्लाक से रिपोर्ट कार्यालय पर भेजनी होती है। पशु पालकों को जागरूक भी किया जा रहा है। उन्होंने पशु पालकों से कहा कि लंपी रोग के लक्षण दिखने पर तत्काल संपर्क करें। जनपद में दूसरे जिले से पशु आने पर फिलहाल प्रतिबंध लगाया गया है। डॉ. जय सिंह ने बताया कि टीका समाप्त होने के बाद दूसरी खेप आएगी।