ज्ञानपुर। नौवीं और 11वीं का पंजीकरण फार्म जमा करने में लापरवाही बरतने पर जिले के 47 प्रधानाचार्यों को डीआईओएस ने नोटिस जारी किया है। तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए निर्देश दिया कि आठ नवंबर तक फार्म न जमा करने पर संबंधित स्कूलों के मान्यता प्रत्याहरण के लिए निदेशालय पत्र लिखा जाएगा। स्कूलों को 15 अक्टूबर तक फार्म जमा करने का समय तय किया गया था।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की कक्षाओं में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं का नौवीं और 11वीं में पंजीकरण कर अभिलेख बोर्ड को भेजा जाता है। इसी के आधार पर वह आगामी यूपी बोर्ड परीक्षा में भी शामिल होंगे। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से पंजीकरण फार्म जमा करने के लिए 15 अक्टूबर की तिथि तय की गई थी। विभागीय स्तर से कई बार पत्र जारी करने के बाद भी 165 माध्यमिक और इंटरमीडिएट कॉलेजों में 47 ने फार्म नहीं जमा किया। इसको लेकर डीआईओस संतोष कुमार मिश्र ने सख्त रवैया अपनाते हुए सभी को नोटिस जारी किया। स्कूलों को चेताया कि तीन दिन के अंदर पंजीकरण फार्म नहीं जमा किया गया तो मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई के लिए निदेशालय को पत्र लिखा जाएगा। मालूम हो कि हाईस्कूल,इंटर में प्रवेश दिलाने के लिए कई प्रधानाचार्य पंजीकरण फार्म भरने में आनाकानी करते हैं। प्रधानाचार्यों की लापरवाही से फार्म न जमा होने से भविष्य में स्कूल के छात्र-छात्राओं को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।