पांच वर्ष के इंतजार के बाद भदोही के कारपेट एक्सपो मार्ट में कारपेट एक्सपो के आयोजन का सपना पूरा हो पा रहा है। दरअसल कालीन कारोबारियों का सबसे बड़ा आयोजन कारपेट एक्सपो भदोही में ही हो इसके लिए कारपेट सिटी में 200 करोड़ की लागत से मार्ट का निर्माण कराया गया था। मार्ट तो 5 वर्ष पहले ही हो गया था लेकिन यहां एक्सपो आयोजन की मंशा अब पूरी होने जा रही है। दरअसल मार्ट बनने के बाद कोविड महामारी के चलते एक्सपो का आयोजन टलता गया।
एक्सपो मार्ट चौरी रोड स्थित कारपेट सिटी में 7.5 एकड़ भूमि पर निर्मित है। यह कालीन क्षेत्र के लिए भारत की अत्याधुनिक परियोजनाओं में से एक है। कारपेट एक्सपो मार्ट सौर ऊर्जा के साथ-साथ ग्रीन मार्ट भी है, जिसमें 7 हजार वर्ग मीटर के दो प्रदर्शनी हाल के अलावा 94 स्थायी दुकानें हैं। इतना ही नहीं मार्ट में अंतरराष्ट्रीय स्तर की अन्य सभी सुविधाएं हैं तथा पूर्ण रूप से वातानुकूलित हैं।