ज्ञानपुर। कामकाज घटने से केवल रजिस्ट्री तक ही सीमित रह चुके डाकघरों में इन दिनों डाक टिकटों का भी टोटा हो गया है। मुख्य उप डाकघर से लेकर ग्रामीण डाकघरों में भी टिकट नहीं है। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नगर स्थित मुख्य उप डाकघर में रजिस्ट्री डाक टिकट लगभग दो महीने से नहीं मिल रहा है। यही हाल गोपीगंज, जंगीगंज, औराई, सुरियावां आदि डाकघरों में भी है। टिकट नहीँ मिलने से लोग डाकघरों का चक्कर लगाकर लौट रहे हैं। शनिवार को टिकट के लिए ज्ञानपुर डाकघर पहुंचे राममणि मौर्य, राजकुमार, संतलाल मौर्य आदि ने कहा कि करीब ढाई महीने से डाकघर में टिकट नहीं मिल रहा है। कई बार आकर लौटना पड़ा। इससे जरूरी कार्य बाधित हो रहा है। कोई सुनने वाला नहीं है। पोस्ट ऑफिस के अधिकारियों ने कहा कि कई बार उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर इस समस्या के समाधान के लिए गुहार लगाई गई, लेकिन हेड आफिस से कोई जवाब नहीं मिल रहा है। क्षेत्र के किसी भी डाकघर में रजिस्ट्री टिकट की गुंजाइश नहीं है। इससे लोगों को बिना टिकट के ही निराश लौटना पड़ रहा है। नगर स्थित मुख्य डाक घर में टिकट न मिलने से लोगों को काफी परेशान उठानी पड़ रही है। बिना टिकट के ही लोग लौट जा रहे हैं। उप डाकपाल रमेश कुमार गुप्ता ने कहा कि डाक हेड आफिस में कई बार पत्र भेजा गया लेकिन, विभाग से इस बारे में अब तक कोई जवाब नहीं आया है। साथ ही कहा कि क्षेत्र में स्थित किसी भी डाक घर में फिलहाल टिकट की गुंजाइश नहीं है।