ज्ञानपुर। काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एक ऐसा डरावना क्लास रूम है, जहां छात्र-छात्राओं को सांप और बिच्छू का डर सताता रहता है। कारण वहां झाड़ी और बड़ी-बड़ी घास के कारण कई बार कक्ष में सांप-बिच्छू निकल चुके हैं।
विज्ञान लेख नाम के इस कक्ष में बीएससी और एमएससी की कक्षाएं चलती हैं। लेकिन, कक्ष के बाहर की झाड़ी जहरीले जंतुओं का अड्डा बन चुकी है। महाविद्यालय के एक सफाईकर्मी और छात्र-छात्राओं की मानें तो कई बार क्लास चलने के दौरान सांप और विच्छू निकल चुके हैं। वैसे तो महाविद्यालय की पूरी बिल्डिंग जर्जर हो चुकी है। कक्ष के गेट के ठीक बाहर भयंकर झाड़ी और गंदगी होने से निकलकर सांप और बिच्छू समेत जहरीले जंतु एमएससी और बीएससी की कक्षाएं संचालित होने वाले कक्ष में पहुंच जाते हैं। बीएससी के छात्र राहुल कुमार, शैलेश, रोहित, विवेक, गणेश आदि ने बताया कि यहां अध्ययन के दौरान कई बार सांप और बिच्छू निकल चुके हैं। वहीं महाविद्यायल के एक सफाई कर्मचारी ने बताया कि झाड़ी और गंदगी के चलते यहां बेहद बड़े और जहरीले सांप बिच्छुुओं का डेरा रहता है। सुबह ताला खोलने पर अक्सर वह क्लास रूम के अंदर बैठे दिखते हैं। इस संबंध में प्राचार्य डॉ. पीएन डोंगरे ने अनभिज्ञता जताई। कहा कि इसका पता लगाकर साफ-सफाई कराई जाएगी।