ज्ञानपुर। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी आशा संघ के बैनर तले सोमवार को आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर जिला चिकित्सालय से जुलूस निकाला और सीएमओ को ज्ञापन सौंपा। कहा कि उनकी मांगें पूरी नहीं होने पर बड़े पैमाने पर आंदोलन किया जाएगा।
संगठन की जिलाध्यक्ष साजिदा बेगम के नेतृत्व में महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय पर आशा कार्यकर्ता एकत्रित हुईं। यहां से जुलूस निकालकर नारेबाजी करते हुए सीएमओ कार्यालय पहुंचीं। जिलाध्यक्ष ने कहा कि जननी सुरक्षा योजना के तहत तैनात आशा बहुओं की मेहनत को देखते हुए सरकार उन्हें राज्य कर्मचारी घोषित करे और 15 हजार मानदेय दिया जाए। सेवाकाल में निधन होने पर आशा के आश्रितों को नौकरी, जिला और मंडल स्थल पर संगठन के लिए कार्यालय आवंटित हो। अंत में प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सीएमओ को सौंपा गया। मौके पर शीला सिंह, प्रतिमा सिंह, उर्मिला, गीता देवी, कुसुम मौर्य, डिंपल शर्मा, फुलवती, धर्मा, सितारा, संगीता बिंद, ज्योति पांडेय, सुभावती देवी, राजकुमारी, सुनीता, सरस्वती, किरन आदि मौजूद रहीं।