ज्ञानपुर। केंद्र सरकार की योजना एकीकृत बागवानी विकास मिशन के तहत आम और अमरूद समेत केले की खेती किसानों के हौंसले परवान चढ़ाने लगी हैं। इसके तहत जिले में 15 हेक्टेयर आम की खेती, 10 हेक्टेयर अमरूद और 12 हेक्टेयर पर केले की खेती की जा रही है, जिसमें सबसे ज्यादा केले की खेती पर अनुदान मिल रहा है। इससे किसान कम लागत में ज्यादा मुनाफा कमा रहे हैं।
2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से चलाई जा रही एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना का बड़ी संख्या में किसान लाभ उठा रहे हैं। इससे किसानों का पारस्परिक खेती को छोड़ व्यावसायिक खेती की ओर रुझान बढ़ने लगा है। बागवानी फसलों पर उद्यान विभाग की ओर से मिल रहे अनुदान का लाभ लेते हुए किसानों ने 15 हेक्टेयर में आम की खेती, 10 हेक्टेयर में अमरूद की खेती और 12 हेक्टेयर में केले की खेती की जा रही है। जिला उद्यान अधिकारी शैलेंद्र देव दूबे और एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के जिला प्रभारी पंकज श्रीवास्तव ने बताया की योजानुसार सबसे ज्यादा अनुदान केले की खेती पर मिल रही है। जिसके तहत केले की खेती पर प्रति हेक्टेयर 40985 रुपये का अनुदान किसानों को दिया जा रहा है। जो दो किस्तों में दिया जाता है। पहली किस्त में 30739 रुपये और दूसरी किस्त में 10247 रुपये दिए जाते है। वहीं आम की खेती के लिए प्रति हेक्टेयर 7650 रुपये और अमरूद की खेती के लिए 11502 रुपये प्रति हेक्टेयर का अनुदान दिया जा रहा है। इस दौरान बताया कि इसके साथ ही किसान फूल की खेती से भी मुनाफा कमा रहे हैं। इसके तहत गेंदे के फूल पर लघु और माध्यम किसानों को 40 प्रतिशत सब्सिडी के साथ 16 हजार का अनुदान दे मिल रहा है और सामान्य किसानों को 25 फीसदी सब्सिडी के साथ 10 हजार का अनुदान दिया जा रहा है। सुरियावां के कैंड़ा निवासी स्वामीनाथ तिवारी ने बताया कि पारंपरिक खेती की अपेक्षा अनुदान के तहत केले की खेेती में उन्हें ज्यादा मुनाफा मिलने का आसार है। क्योंकि इसमें कम लागत में ज्यादा मुनाफा मिल रहा है। गौरव कुमार ने बताया कि अनुदान के तहत खेती से उन्हें मुनाफे के साथ काफी राहत मिल रही है।