नईबाजार। नगर स्थित फैजुल ओलूम इंटर कालेज में कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को यातायात जागरूकता शिविर का आयोजन किया। शिविर में यातायात नियमों को बताने के साथ साथ विभिन्न दोषों पर लगने वाली जुर्माने के बारे में भी जानकारी दी गई। लोगों को बाइक चलाते समय हेल्मेट लगाने और चार पहिया वाहन स्वामियों से सीट बेल्ट लगाकर ही गाड़ी चलाने के लिए कहा गया। शिविर के बाद रैली भी निकाली गई।
शिविर में भदोही सीओ अभिषेक कुमार पांडेय ने बच्चों और अभिभावकों को बताया कि सड़क पर चलते समय दुर्घटना से बचने के लिए स्वयं प्रयास करना होगा। आम तौर पर लोग बगैर हेल्मेट के होते हैं और दुर्घटना होने पर बताया जाता है कि हेलमेट होने से जान बच सकती थी। शिविर को कोतवाल नवीन कुमार तिवारी ने भी संबोधित। शिविर के समापन के बाद बच्चों, अभिभावकों, और विद्यालय के स्टाफ ने रैली निकाली जिसने नगर में भ्रमण कर लोगों को यातायात जागरूकता का पाठ पढाया। रैली में प्रिंसिपल राजाराम, कार्यवाहक प्रबंधक मो. मुस्लिम अंसारी, सपा नेता कामिल अंसारी, मौलाना इसराइल, लक्ष्मण मौर्या, सिराजुद्दीन,अध्यापिका शाहनाज अंसारी, सबा परवीन, शहाना अंसारी आदि शामिल रहे।