ज्ञानपुर। परिषदीय विद्यालयों की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं मंगलवार को आधी-अधूरी तैयारियों के बीच शुरू हुईं। किसी विद्यालय पर पेपर नहीं था तो कहीं बच्चों की पर्याप्त उपस्थिति नहीं थी। हालांकि कक्षा एक से आठ तक की परिषदीय परीक्षाओं का बच्चे के लिए खास महत्व नहीं माना जाता, लेकिन औपचारिकता को भी विभाग ठीक से नहीं निभा पाया। पहले दिन पहली कक्षा से लेकर आठवीं तक की हिंदी मौखिक एवं हिंदी की परीक्षा कराई गई। प्रथम पाली में सुबह 10 से 12 और दूसरी पाली में दोपहर एक से तीन बजे तक परीक्षा हुई। ज्ञानपुर के बीईओ कृष्ण दत्त पांडेय ने नगर के स्कूलों में परीक्षा का जायजा लिया। सुरियावां, चौरी, डीघ और औराई के सीमावर्ती क्षेत्रों के स्कूलों में परीक्षा का हाल ठीक नहीं रहा। कुछेक स्कूलों में बच्चों को प्रश्नपत्र नहीं मिले, हालांकि बाद में उन्हें किसी तरीके से उपलब्ध कराकर परीक्षा कराई गई। बीएसए अमित कुमार ने कहा कि परीक्षा सकुशल संपन्न हुई।