गोपीगंज। नगर पालिका परिषद की ओर से मंगलवार को पेयजल की नई पाइपलाइन बिछाने के दौरान कबूतरनाथ मंदिर के समीप हाईटेंशन लाइन की भूमिगत केबल कट गई। इससे अंजही मोहाल और गल्ला मंडी में 24 घंटे से अधिक समय तक अंधेरा छाया रहा। मंगलवार देर शाम तक बिजली का पता नहीं था। पेयजल के लिए भी मोहल्ले के लोग परेशान रहे। सोमवार को दोपहर में कबूतरनाथ मंदिर के पास खुदाई के दौरान 400 केवीए ट्रांसफॉर्मर को जोड़ने के लिए बिछाई गई हाईटेंशन केबिल कट गया। इस दौरान धमाके के साथ चिंगारी निकली और लोग घबरा गए। संयोग था कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। मंगलवार को शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। इससे मोहल्ले के लोगों को पेयजल के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नागरिक दूसरे मोहल्ले से पानी का इंतजाम करते रहे। बिजली विभाग के जेई मनोज कुमार ने बताया कि वैकल्पिक व्यवस्था के तहत केबिल जोड़कर लोगों को बिजली दी जाएगी, लेकिन समाचार दिए जाने तक वैकल्पिक इंतजाम भी नहीं हो सका था।