भदोही। धौरहरा पुलिस चौकी क्षेत्र के पिपरी में सोमवार को निर्माणाधीन भवन से गिरकर अधेड़ की मौत हो गई। लालचंद मौर्य (55) नवनिर्मित दीवार पर चढ़कर तरी (पानी) दे रहे थे। संतुलन बिगड़ने पर वह नीचे गिर गए। परिजन उन्हें लेकर अस्पताल गए, जहां उपचार शुरू होने से पहले ही दम तोड़ दिया। बताया जाता है कि मौर्य बस्ती के लालचंद अपने घर का निर्माण करा रहे थे। हर सुबह नवनिर्मित दीवारों और छत पर वह तरी देते थे। रविवार को हुए निर्माण कार्य के बाद सोमवार को सुबह ईंट की दीवार पर तरी देते समय अचानक पैर फिसला और वह नीचे गिर गए, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। आनन-फानन में घर वाले उन्हें इंदिरा मिल चौराहे स्थित निजी अस्पताल ले गए, लेकिन वहां उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी पुलिस को दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।