घोसिया। औराई ब्लॉक क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में हुए विकास कार्यों की जांच कराई जाएगी। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को प्रार्थनापत्र देकर गांव में हुए विकास कार्यों में गड़बड़ी का आरोप लगाया था। इसके बाद डीएम ने समाज कल्याण अधिकारी को जांच करने का निर्देश दिया था। जांच 25 अक्तूबर को होगी। मोहम्मदपुर गांव में ग्राम पंचायत से कराए गए विकास कार्यों में गड़बड़ी के आरोप पिछले कई महीनों से उठाए जा रहे थे। गांव के जयजीत पुत्र छोटेलाल ने गांव में मनरेगा, खड़ंजा आदि विकास कार्यों में अनियमितता का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की थी। मामला जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद के पास पहुंचा तो उन्होंने जांच का निर्देश दिया। इसके लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी मीना श्रीवास्तव और अवर अभियंता लोक निर्माण विभाग को जांच अधिकारी नामित किया गया है। जांच अधिकारी ने खंड विकास अधिकारी के जरिए प्रधान और सेक्रेटरी को पत्र भेजकर जांच की तिथि की सूचना दी है। साथ ही पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था की मांग की गई है।