ज्ञानपुर। देवनाथपुर में ऑप्टिकल फाइबर डालने के लिए सड़क खोदाई कार्य के चलते केबल कटने से ध्वस्त हुई ब्रॉडबैंड सेवा बृहस्पतिवार को दूसरे दिन भी पटरी पर नहीं आ सकी। बीएसएनएल के कर्मचारी पूरे दिन फॉल्ट और पेयर ढूंढते रह गए, लेकिन समस्या समाधान नहीं हुआ। इससे इंटरनेट सेवा ठप रही और लोग जरूरी कार्य के लिए परेशान रहे। फाइबर केबल कटने से निजी संचार कंपनियों की इंटरनेट सेवा भी धीमी हो गई। ज्ञानपुर-भदोही रोड पर देवनाथपुर में एक निजी कंपनी ऑप्टिकल फाइबर डालने का कार्य करा रही है। इसके लिए बुधवार को हुई खोदाई के दौरान बीएसएनएल का केबल कट गया। इससे ज्ञानपुर से लेकर सीतामढ़ी तक ब्रॉडबैंड सेवा पूरी तरह ठप हो गई। सैकड़ों ब्रॉडबैंड कनेक्शन जहां निष्क्रिय हो गए, वहीं हजारों की संख्या में उपभोक्ता जरूरी कार्य नहीं हो पाने के कारण खीझ उठे। उधर बीएसएनएल के कर्मचारी सुबह से ही फॉल्ट और तारों का पेयर ढूंढने के कार्य में जुट गए, लेकिन शाम साढ़े चार बजे तक वे समस्या का समाधान नहीं कर सके। ज्ञानपुर जेटीओ सत्येंद्र ने कहा कि फॉल्ट ढूंढा जा रहा है। कर्मचारी लगातार काम में जुटे हैं। तकनीकी दिक्कत दूर होते ही ब्रॉडबैंड सेवा बहाल हो जाएगी, लेकिन समाचार दिए जाने तक ब्रॉडबैंड सेवा चालू नहीं हो सकी थी।