भदोही। अपना दल (सोनेलाल) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को मिर्जापुर जाकर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल से मुलाकात और उन्हें जनपद में स्वास्थ्य व शिक्षा से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया। जिलाध्यक्ष डीएम सिंह ने उन्हें बताया कि जिले में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और विद्यालयों की दशा दयनीय है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि कई स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सक तैनात नहीं है। ऐसे भी स्वास्थ्य केंद्र हैं, जहां उपकरण हैं लेकिन संबंधित चिकित्सक न होने से उनका प्रयोग नहीं हो पाता। केंद्रीय मंत्री को सरकारी अस्पतालों के चिकित्सकों द्वारा निजी प्रैक्टिस किए जाने की भी जानकारी दी गई। भदोही के महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल के बारे में बताया कि यहां 50 लाख की अल्ट्रासाउंड मशीन वर्षों से बेकार पड़ी है क्योंकि रेडियोलाजिस्ट तैनात नहीं है। उन्होंने बताया कि बहुत से विद्यालयों में बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं, जिससे बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। प्रतिनिधिमंडल में उमेश दूबे, शिवनरेश यादव, विमलधर दूबे भी थे।