प्रमाणपत्र बनाने में लापरवाही, दो लेखपाल निलंबित
ज्ञानपुर। आय, जाति और निवास प्रमाणपत्र बनाने में लापरवाही बरतने पर दो लेखपालों पर कार्रवाई की गाज गिर गई। डीएम राजेंद्र प्रसाद ने भदोही और औराई तहसील के एक-एक लेखपाल को निलंबित कर दिया। साथ ही सभी लेखपालों को प्रमाणपत्र बनाने में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई भुगतने के लिए तैयार रहने को कहा।
शिक्षण संस्थानों में प्रवेश, शुल्क प्रतिपूर्ति और रोजगार के लिए आय, जाति और निवास प्रमाणपत्रों की जरूरत को देखते हुए जन सुविधा केंद्र और लोकवाणी केंद्रों के माध्यम से छात्र-छात्राएं आवेदन करते हैं। कई बार कुछ लेखपालों की मनमानी से प्रमाणपत्र तय समय पर नहीं बन पाता या उसे अनुपयोगी कर दिया जाता है। औराई तहसील में लेखपाल ममता केसरी ने दत्तीपुर की आवेदक अनीता, शिवमंगल यादव और सत्यम यादव की आय, जाति प्रमाण् पत्र को लोकवाणी केंद्र से ऑनलाइन होने के बाद भी आईडी को नॉट कन्फर्म कर रिजेक्ट कर दिया। लेखपाल ने मौके पर न जाकर जांच रिपोर्ट लगाई। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने लेखपाल अनीता केसरी को निलंबित कर दिया। इसी तरह भदोही तहसील में बिहियापुर के लेखपाल राजेश कुमार ने लकी जायसवाल के आय प्रमाणपत्र को आधार कार्ड साफ नहीं होने का हवाला देते हुए रिजेक्ट कर दिया। डीएम ने लेखपाल राजेश कुमार के खिलाफ भी निलंबन की कार्रवाई की। डीएम ने सभी लेखपालों को स्थलीय निरीक्षण के बाद ही रिपोर्ट अंकित करने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने सभी एसडीएम को निर्देश दिया कि समय पर मामले निस्तारित नहीं करने वाले लेखपालों की उन्हें सूची उपलब्धि कराएं। एडीएम राम सिंह वर्मा ने कहा कि तीनों तहसीलों से लापरवाह लेखपालों की सूची मंगाई गई है। उसके बाद उन पर कार्रवाई तय की जाएगी।