ज्ञानपुर (भदोही)।
भीषण गर्मी और उमस से जनजीवन बेहाल हो गया है। बारिश न होने से तापमान लगातार बढ़ रहा है। तेज धूप और गर्मी से लोग संक्रामक बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। उल्टी, दस्त, बुखार, खांसी से पीड़ित लोग अस्पताल पहुंच रहे हैं। सरकारी समेत निजी अस्पतालों में मरीजों का तांता लग गया है।
मौसम के दोहरेपन से आम जनजीवन बेहाल हो गया है। दिन में कड़ी धूप के चलते जबरदस्त गर्मी पड़ रही है, तो रात में मौसम ठंडा हो जा रहा है। इससे मौसमी बीमारियों की चपेट में लोग आ रहे हैं। उल्टी, दस्त, वायरल फीवर, मलेरिया, मियादी बुखार समेत अन्य रोगों की चपेट में बच्चों से लेकर बड़े आ रहे हैं। इससे सरकारी से लेकर निजी अस्पताल मरीजों से पट गए हैं। सरकारी अस्पतालों में अव्यवस्था होने से काफी संख्या में मरीज निजी अस्पतालों में इलाज के लिए जा रहे हैं, जहां उनका जमकर आर्थिक शोषण हो रहा है। निजी अस्पताल मरीजों से मनमानी पैसे वसूल रहे हैं। बुधवार को अकेले जिला अस्पताल ज्ञानपुर में ओपीडी की 1100 पर्चिया काटी गईं। साथ ही 20 मरीज इमरजेंसी में भर्ती हुए। भर्ती मरीजों में अधिकतर उल्टी दस्त से पीड़ित थे। इतनी तादाद में मरीजों के अस्पताल पहुंचने पर काफी भीड़ लग गई। 1100 मरीजों का इलाज करने में डाक्टरों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बुधवार को जिला अस्पताल के इमरजेंसी में विकास (25) निवासी छपरा बिहार, सोनू (25) निवासी ज्ञानपुर, पुष्पा (20) निवासी तेजीपुर, वदीना (30) निवासी दुर्गागंज, प्रिया (17) निवासी ज्ञानपुर, पुष्पा (30) निवासी ज्ञानपुर, प्रीती (25) निवासी टहवा समेत अन्य मरीज भर्ती हुए। जिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. माधो बरनवाल ने बताया कि मौसम के दोहरेपन से मरीजों की संख्या बढ़ रही है। दिन में गर्मी, रात में ठंड होने से लोग मौसमी रोगों के शिकार हो रहे हैं। इस मौसम में सावधानी बरतने की जरूरत है।