चौरी। भदोही-वाराणसी मार्ग पर चलने वाली चार निजी बसों से मंगलवार की रात चोरों ने 400 लीटर डीजल गायब कर दिया। बुधवार को इसकी जानकारी हुई। इस मामले में बस मालिकों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
चौरी क्षेत्र से बड़ी संख्या में निजी बसें भदोही-वाराणसी मार्ग पर संचालित होती हैं। विभिन्न राज्यों के टूर के लिए यहीं से बसें बुक भी कराई जाती हैं। इनमें कई बसें बाजार के चकिया तिराहा के पास रात में खड़ी हो जाती है। बताते हैं कि मंगलवार की रात में किसी समय चार बसों के डीजल टंकी से चोर निकाल ले गए। चालकों की सूचना पर पहुंचे बस मालिक संजय दुबे और बसंतलाल ने बताया कि चोर करीब 400 लीटर डीजल निकाल ले गए। बताया कि लंबे समय से उस स्थान पर बसे खड़ी होती हैं, लेकिन इस तरह की घटना पहली बार हुई है। बस मालिकों ने पुलिस को तहरीर देकर चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में चौकी इंचार्ज अविनाश तिवारी ने बताया कि तहरीर मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।