जिले के पांच केंद्रों पर चल रही मदरसा शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश की परीक्षा में मंगलवार को 376 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जबकि पांचों परीक्षा केंद्रों पर मुंशी, मौलवी, कामिल, आलिम और फाजिल कोर्स में कुल 2004 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान कई केंद्रों का मंगलवार को भी उड़ाका दल ने दौरा किया। इसके अलावा नामित स्टेटिक मजिस्ट्रेट, फ्लाइंग दस्ते ने जांच की।
गोपीगंज के जामिया साबिरा गर्ल्स कालेज में स्टेटिक मजिस्ट्रेट जिला कार्यक्रम अधिकारी नीलम मेहता ने परीक्षा का जायजा लिया। उनके साथ केंद्र व्यवस्थापक एवं प्रधानाचार्य सैयदा खातून, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक मौलाना ताज मोहम्मद ने भी निरीक्षण किया। मंगलवार को मदरसा बोर्ड की परीक्षा के दौरान मुंशी में 126, मौलवी में 100, आलिम में 83, कामिल में 59 और फाजिल कोर्स में कुल आठ परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
इसी तरह नई बाजार, खमरिया, गोपीगंज के परीक्षा केंद्रों पर भी उड़ाका दल के सदस्यों ने दौरा किया। हालांकि गहन छानबीन के बाद भी उनके हाथ एक भी नकलची नहीं आए।