जखांव में सिलेंडर न मिलने पर लकड़ी पर खाना बनाता कारीगर। संवाद
ज्ञानपुर। खाद्य एवं रसद विभाग की धीमी प्रक्रिया ने शादी समारोह वाले घरों में परेशानी बढ़ा दी है। आवेदन के बावजूद आयोजकों को समय से गैस सिलिंडर की आपूर्ति नहीं हो रही है। इस कारण लकड़ी पर भोजन बन रहा है। विभाग का दावा है कि 15 दिन में 325 आवेदन आए, सभी को सिलिंडर उपलब्ध कराया गया। ईरान-इस्राइल युद्ध के बीच बीते कुछ दिन से देश में ईंधन संकट शुरू हो गया है। जनपद में इंडेन, भारत पेट्रोलियम (बीपी) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपी) के 4.27 लाख उपभोक्ता हैं। पूर्ति विभाग की ओर से शादी समारोह के लिए गैस सिलिंडर उपलब्ध कराने की सुविधा तो दी गई है, लेकिन प्रक्रिया इतनी लंबी और जटिल है कि लोग इसमें उलझ कर रह जा रहे हैं। आवेदकों का कहना है कि आवेदन के साथ शादी का कार्ड लगाने और कंपनी तक फाइल भेजने जैसी औपचारिकता में कई दिन गुजर जा रहे हैं। सात दिन की अनिवार्य समय-सीमा परेशानी की वजह बनी है।