ज्ञानपुर। बसपा सुप्रीमो मायावती, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजीत सिंह मंगलवार को जिले में आएंगे। वे सरपतहां में दोपहर तीन बजे गठबंधन प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी जनसभा करेंगे। पंडाल को अंतिम रूप देने में देर रात तक कारीगर जुटे रहे। पुलिस एवं प्रशासनिक अफसरों ने पंडाल स्थल का मुआयना किया।
पांच चरणों का चुनाव खत्म होने के बाद अब राजनेताओं ने पूर्वांचल को मथना शुरू कर दिया है। सरपतहां में गठबंधन प्रत्याशी की होने वाली सभा के लिए तीन दिनों से पंडाल बनाया जा रहा है। सोमवार को पंडाल बनाने का काम अंतिम दौर में पहुंच गया। महिला, पुरुष के बैठने के लिए अलग-अलग व्यवस्था के साथ मंच के आसपास व्यापक स्तर पर बैरिकेडिंग की जा रही है। अखिलेश और मायावती की सुरक्षा उच्च स्तरीय होने से पुलिस और प्रशासन की ओर से पंडाल पर नजर रखी जा रही है। पांच मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा हुई तो सात मई को अखिलेश, मायावती और अजीत सिंह की संयुक्त सभा होगी। उसके बाद कुछ और बड़े नेताओं का आगमन भी जिले में हो सकता है। प्रोटोकॉल के मुताबिक मायावती, अखिलेश यादव और अजीत सिंह दोपहर तीन बजे जौनपुर के वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के हेलीपैड से रवाना होंगे। तीन बजकर 20 मिनट पर वह सरपतहां स्थित जनसभा स्थल के हेलीपैड पर पहुंचेंगे। वहीं दूसरी ओर जनसभा की तैयारी को लेकर सपा और बसपा के जिला एवं मंडल स्तरीय पदाधिकारियों ने डेरा डाल दिया है।