ज्ञानपुर। पहली बार मतदान का अधिकार हासिल करने वाले युवाओं में चुनाव को लेकर जबर्दस्त उत्साह है। वह जाति, पाति और धर्म की राजनीति से ऊपर उठकर शिक्षा और रोजगार का स्तर उठाने के साथ ही चहुंमुखी विकास की बात कह रहे हैं। बुधवार को अमर उजाला से बातचीत में युवाओं ने कहा कि पहली बार लोकतंत्र में भूमिका निभाने के लायक बनने पर जिम्मेदार नागरिक बनने का एहसास हो रहा है। इस बार जिलेभर में 10 हजार से अधिक ऐसे मतदाता बढ़े हैं, जिनकी उम्र 18-19 साल है। अपने प्रतिनिधि को चुनने को लेकर ऐसे युवा मतदाता खासे उत्साहित हैं। युवा उम्र में मजबूत राजनीतिक नेतृत्व के जरिए क्षेत्र और देश के विकास की वकालत करने वाले युवाओं की आंखों में समृद्ध देश का सपना हिलोरे मार रहा है।
पहली बार मतदाता बनने पर लग रहा है कि लोकतंत्र में मेरी भी अहम भूमिका है। इसे पूरी संजीदगी से निभाऊंगा। मैं ऐसी दल की सरकार देखना चाहता हूं जो गरीबी मिटाने के लिए प्रतिबद्ध और भ्रष्टाचार के खिलाफ हो। ऐसी छवि वाले प्रत्याशी को चुनने में पहली बार भूमिका निभाने को लेकर उत्साहित हूं।
- करमवंत बिंद, पुरानी देहती मोहल्ला, ज्ञानपुर
पहले घर के बड़े मतदान करने जाते थे तो मुझे भी उत्सुकता होती थी। लेकिन, उम्र न होने के कारण नहीं वोट नहीं कर पाता था। अब वोटर आईडी कार्ड मिलने के बाद बहुत अच्छा लग रहा है। जिस प्रत्याशी के घोषणा पत्र में शिक्षा और रोजगार प्राथमिकता पर हो, उसे वोट करने में मुझे अच्छा लगेगा।
- सूरज सिंह
मेरा पहला वोट जाति, धर्म से ऊपर उठकर देश के विकास की बात करने वाले को जाएगा। सरकार ऐसी होनी चाहिए जो जनता को सुरक्षा की गांरटी दे सके।
शिवम गुप्ता, पुरानी कलेक्ट्रेट
पहली बार मतदाता सूची में नाम देखकर जितनी खुशी हो रही है, उतना ही जिम्मेदारी का एहसास भी हो रहा है। लोकतंत्र में अपनी जिम्मेदारियों को निभाने को लेकर बहुत उत्सुक हूं।
हर्षित अंबष्ट